तावडू। शहर थाने में कोर्ट के आदेश पर एक दंपती के खिलाफ 11 लाख रुपये के चेक बाउंस व चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वर्ष 2019 में तावडू निवासी कनिका उर्फ मुस्कान ने भोगीपुर तावडू निवासी इरफान के साथ प्रेम विवाह किया था। शिकायतकर्ता दिनेश कुमार का आरोप है कि गत अगस्त 2020 में उन्हें बैंक द्वारा संदेश प्राप्त हुआ कि उनके खाते का एक चेक बाउंस हो गया है। उन्होंने बैंक में संपर्क किया तो पता चला कि उनके फर्जी हस्ताक्षर किए हुए एक 11 लाख रुपये का एक चेक बाउंस हुआ है। इसके बाद दिनेश ने घर पहुंचकर अपनी चेक बुक को देखा तो उसके 5 चेक गायब थे। आरोप है कि कनिका उर्फ मुस्कान ने यह चेक चुराकर फर्जी हस्ताक्षर किए। धोखाधड़ी व षड्यंत्र रचकर अपने पति इरफान को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने दंपती को एक लीगल नोटिस भेज दिया। दिनेश के मुताबिक उंगली जांच विशेषज्ञ की मदद से यह स्पष्ट हो गया कि उनके चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें आर्थिक रूप से हानि पहुंचाने की कोशिश की गई थी। यह मामला अब तक कोर्ट में विचाराधीन था। तावडू शहर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश पर मंगलवार शाम आरोपी कनिका उर्फ मुस्कान और उनके पति इरफान के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।