दोपहर करीब तीन बजे नोएडा में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया गया जो शाम पांच बजे तक बंद रहा। इस दौरान कई लोगों की पुलिस से बहस भी हुई। कोई सियासी संग्राम से आम जनता की परेशानी को लेकर विरोध करता दिखा। करीब दो घंटे तक नोएडा में वाहनों के पहिये थमे हे। वाहन न आगे जा पा रहे थे न ही पीछे। डीएनडी से मयूर विहार की ओर ट्रैफिक डायवर्जन किया गया जिससे चिल्ला कट पर भी जाम लग गया।
नोएडा ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, रविवार व सोमवार को भी वाहन चालक रूट देखकर ही घर से निकलें तो उचित होगा। रविवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हाथरस जाने के लिए निकलेंगे और सोमवार को भीम आर्मी के कार्यकर्ता हाथरस जाएंगे। पुलिस ने डीएनडी फ्लाईवे को सील करने के लिए सभी इंतजाम तैयार कर रखे हैं।
कार्यकर्ताओं की पिटाई होती देख प्रियंका बनीं ढाल
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पिटता देखकर प्रियंका गांधी आननफानन में कार से उतरीं और पुलिस की लाठी के सामने ढाल बनकर खड़ी हो गईं। उनके बीचबचाव कराने के दौरान ही कुछ कार्यकर्ता पुलिस की लाठी से बेसुध होकर जमीन पर गिर गए, जिन्हें प्रियंका गांधी ने पानी देकर वापस दिल्ली लौट जाने का अनुरोध किया।
प्रियंका ने पुलिस पर आरोप लगाया कि उनके कार्यकर्ता शांतिपूर्वक वापस दिल्ली लौट रहे थे, फिर भी पुलिस ने उन्हेें जबरन दौड़ाकर पीटा। कार्यकर्ता अधमरी हालत में जमीन पर पड़े थे और पुलिस उन पर जमकर लाठी भांज रही थी। किसी तरह पुलिस को रोेकने के बाद घायल कार्यकर्ताओं के लिए प्रियंका गांधी ने पानी मंगवाकर उन्हें दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि वह कोई ऐसा काम न करें कि पुलिस उनके इस आंदोलन करे बदनाम कर सकें।
इस सरकार में दलित, वंचित और गरीब बिल्कुल सुरक्षित नहीं हैं। यूपी में हो रहे अपराध पर रोक लगाने की जगह सरकार अब पत्रकार के फोन तक टैप करवा रही हैै। कांग्रेस पार्टी अंतिम तक हाथरस की बेटी की लड़ाई लड़ती रहेगी।
- प्रियंका गांधी, कांग्रेस नेता
कोविड नियमों का जमकर हुआ उल्लंघन
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के हाथरस जाने के दौरान कोविड नियमों का जमकर उल्लंघन हुआ। ऐसा करने वालों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी शामिल रहे। हालांकि, यहां पुलिसकर्मियों की मजबूरी थी जो ड्यूटी के दौरान सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर सके। एक पुलिसकर्मी का कहना था कि यदि ड्यूटी में लापरवाही की तो डाट पडे़गी, सामाजिक दूरी का पालन बाद में कर लेंगे।
वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल और प्रियंका गांधी के सामने खुद की छवि बनाने के लिए कोविड नियमों के प्रति लापरवाह दिखे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बृहस्पतिवार को भी हाथरस जाने के लिए निकले थे। उन्हें डीएनडी और यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर रोका गया था। इस दौरान ज्यादातर लोगों ने मास्क नहीं पहना हुआ था, सामाजिक दूरी का पालन भी नहीं दिखा था। यही हाल शनिवार को भी देखने को मिला। डीएनडी के साथ-साथ जीरो प्वाइंट पर सामाजिक दूरी का पालन नहीं हुआ।