दनकौर (संवाद)। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर दो कारों की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों गाड़ियों के चालक घायल हो गए और एक कार एक्सप्रेसवे के बीचों-बीच पलट गई। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिम्स में भर्ती कराया। खोड़ा निवासी कृष्णकांत कार से आगरा की ओर जा रहे थे। यमुना एक्सप्रेसवे पर आगे चल रही दूसरी कार से टकराने से उनकी कार पलट गई और वे कार के नीचे दब गए। मशक्कत के बाद पुलिस ने उन्हें बाहर निकाला। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने तत्काल क्रेन मंगाकर क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया और यातायात को सामान्य कराया।
दनकौर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। दोनों घायलों का उपचार जारी है। किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दी गई है।