ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में चालक को कोई चोट नहीं आई।
पुलिस के अनुसार, बिसरख क्षेत्र में एक कार द्वारा बाइक को टक्कर मारने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान बाइक चालक ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बाइक के पास खड़ा था। इसी दौरान एक कार ने उसकी बाइक के अगले पहिये में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक कार के साथ कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। इस दौरान बाइक को काफी नुकसान पहुंचा।
गनीमत रही कि चालक बाइक पर सवार नहीं था, जिससे वह किसी गंभीर हादसे का शिकार होने से बच गया। घटना के बाद कार चालक मौके से निकल गया। वहीं कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना कि मामले की जांच की जा रही है।