दनकौर। दनकौर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार को कार ने पैदल जा रहे एक परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में कलोंदा गांव निवासी महिला जायदा (48) और उसकी नातिन (बेटी की लड़की) फरीन (8) की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी साहिबा घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बस चालक ने परिवार को गलत जगह उतार दिया था, जो हादसे की वजह बना है। कलोंदा गांव निवासी जायदा कलछीना, गाजियाबाद निवासी फरीन और भतीजी साहिबा निवासी दनकौर, नाजरीन, साहिबा, अंजुम, शाहिद व अरमान समेत नौ लोग सोमवार को जेवर में रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में गए थे। बुधवार दोपहर सभी लोग बस से दनकौर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि चालक ने उन्हें यमुना एक्सप्रेसवे पर सालारपुर अंडरपास से कुछ दूर पहले गलत स्थान पर उतार दिया। सभी लोग यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते पैदल ही सालारपुर अंडरपास की तरफ जा रहे थे। आरोप है कि तभी एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने जायदा, फरीन और साहिबा को टक्कर मार दी। तीनों को घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां जायदा और फरीन की मौत हो गई।
---
पहले दिखाई मानवता, फिर डर कर भाग गया
हादसे के बाद आरोपी चालक ने घायल जायदा और फरीन को अस्पताल पहुंचाने के लिए कार में बैठा लिया, लेकिन अस्पताल से पहले उसने दोनों को एंबुलेंस में डाल दिया। उसने एंबुलेंस चालक को 1500 रुपये देकर दोनों को अस्पताल पहुंचाने की बात कही और वहां से भाग गया। घायलों को एंबुलेंस में डालते समय ठेली वाले ने वीडियो बना लिया। परिवार के एक सदस्य ने भी कार की फोटो खींच ली थी। वहीं, एंबुलेंस चालक ने जायदा और फरीन को ग्रेनो के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया, जबकि राहगीरों ने घायल साहिबा का दनकौर के मल्टी स्पेशिलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित परिवार से अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। हादसे में महिला और बच्ची की मौत हुई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। - सुधीर कुमार, कोतवाली प्रभारी