गाजियाबाद के ध्यानार्थ
कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा
मूल रूप से बांदा के निवासी रवि कुमार (24) गाजियाबाद के कवि नगर में रहते थे
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार की देर रात तेज रफ्तार कार आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मूल रूप से बांदा जिले के निवासी रवि कुमार (24) वर्तमान में गाजियाबाद के कवि नगर में परिवार के साथ रहते थे। वे किराए पर कार चलाते थे। बृहस्पतिवार को मां रेखा और बहन रागिनी के साथ बांदा से गाजियाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट से करीब 13 किमी माइलस्टोन के पास पहुंचे तो हादसा हो गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखचे उड़ गए। पुलिस ने मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। हादसे में गंभीर रूप से घायल रवि की मां और बहन का उपचार जारी है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक परिजनों ने लिखित शिकायत नहीं दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
रवि अपने पिता का इकलौता बेटा था और परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।