ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-1 स्थित होलिटेक कंपनी से रामपुर गांव के पास स्थित ओप्पो कंपनी के वेयरहाउस जा रहे मोबाइल पार्ट्स से भरे कैंटर को बदमाशों ने लूट लिया। हालांकि लूट का सामान दूसरे वाहन में लादते वक्त पुलिस वहां पहुंच गई। सायरन की आवाज सुनकर बदमाश माल छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी का दावा किया है।
एडिशनल डीसीपी विशाल पांडे ने बताया कि पुलिस की मुस्तैदी से बुधवार रात लूट वारदात नाकाम हो गई। उन्होंने बताया कि जनपद हापुड़ के धनौरा गांव निवासी नरेंद्र कुमार एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में चालक है। बुधवार रात नरेंद्र कुमार शहर के औद्योगिक सेक्टर ईकोटेक-1 स्थित होलिटेक मोबाइल कंपनी से मोबाइल के पार्ट्स कैंटर में लेकर रामपुर गांव के पास स्थित ओप्पो कंपनी के वेयरहाउस जा रहा था। रामपुर तिराहे के पास बदमाशों ने कैंटर को ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने हथियार के बल पर चालक नरेंद्र को बंधक बना लिया। बदमाश कैंटर में रखे मोबाइल पार्ट्स अपने साथ लाए वाहन में लादने लगे।
इस दौरान कासना थाना प्रभारी सुधीर कुमार की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस वाहन का सायरन सुनकर बदमाश भाग निकले। पुलिस ने बंधक बनाए गए चालक नरेंद्र को छुड़ा लिया। मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक बदमाश चालक का मोबाइल लूटकर ले गए हैं। पुलिस ने बदमाशों के वाहन को भी कब्जे में लिया है।
चालक-परिचालक से मोबाइल लूटा
ग्रेटर नोएडा। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के सिरसा कट के पास बृहस्पतिवार सुबह बदमाशों ने एक ट्रक के चालक और परिचालक का मोबाइल लूट लिया। परिचालक नागेंद्र की तहरीर पर कासना थाना पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। ब्यूरो