सीटू की जिला सचिव मंडल बैठक संपन्न, लेबर कोड लागू होने के विरोध में आंदोलन तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। केंद्र सरकार द्वारा 29 श्रम कानून खत्म कर 21 नवंबर से चार श्रम संहिताएं (लेबर कोड) लागू करने के फैसले के विरोध में सीटू गौतम बुद्ध नगर ने आंदोलन तेज कर दिया है। मजदूर संगठनों ने नए कानूनों को अलोकतांत्रिक और श्रमिक अधिकारों पर हमला बताते हुए देशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है।
इसी क्रम में भंगेल फेस-2 स्थित सीटू कार्यालय पर जिला सचिव मंडल की बैठक जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार राघव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि मजदूर अपने क्षेत्रों, फैक्टरियाें और बस्तियों में नुक्कड़ सभा, गेट मीटिंग और धरना आयोजित कर जनजागरूकता बढ़ाएं। उन्होंने 26 नवंबर को सुबह 11 बजे जंतर-मंतर, नई दिल्ली पर होने वाली प्रतिरोध कार्रवाई को सफल बनाने की अपील की। उनका कहना है कि लेबर कोड रद्द होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
बैठक का संचालन जिला महासचिव राम स्वारथ ने किया। बैठक में सचिव मंडल सदस्य सुनील पंडित, पारस रजक, गंगेश्वर दत्त शर्मा और सीटू दिल्ली एनसीआर के राज्य महासचिव कामरेड पीवी अनियन मौजूद रहे।