सीएम, सांसदों सहित व शीर्ष नेताओं ने संभाला मोर्चा, कई सभाएं कीं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
एमसीडी के 12 वार्डों के उपचुनाव के लिए भाजपा ने रविवार को विभिन्न जगहों पर चुनाव प्रचार किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, तमाम सांसदों व दिल्ली सरकार के मंत्रियों व विधायकों ने कई सभाएं कीं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अशोक विहार, द्वारका बी, ग्रेटर कैलाश, संगम विहार, सैनिक विहार और विनोद नगर में सभाएं कीं। इस दौरान ग्रेटर कैलाश में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से संवाद में उन्होंने स्थानीय विकास एवं रखरखाव पर चर्चा की। संगम विहार और नारायणा वार्ड में उन्होंने ट्रिपल इंजन सरकार से जुड़कर जल संकट समाधान और स्वच्छता सुधार का संदेश दिया। प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने दावा किया कि जनसमर्थन के आधार पर पार्टी 12 में से 11 वार्ड जीतने की स्थिति में है। सांसद मनोज तिवारी ने मुंडका, दिचाऊं कलां और ग्रेटर कैलाश में तीन सभाओं को संबोधित करते हुए पूर्वांचल समाज की भूमिका को दिल्ली की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा पूर्वांचल कॉलोनियों के विकास को प्राथमिकता देती रहेगी। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने दिचाऊं कलां और नारायणा में पन्ना प्रमुख सम्मेलन व जनसभाओं को संबोधित किया और कार्यकर्ताओं से 2022 से बड़ी जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। मंत्री प्रवेश साहिब सिंह व आशीष सूद, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, बांसुरी स्वराज व प्रवीन खंडेलवाल, विधायक शिखा रॉय, संदीप सहरावत, अभय वर्मा, नीलम पहलवान समेत कई नेताओं ने विभिन्न वार्डों में चुनाव सभाएं, पदयात्राएं और सोसाइटी बैठकों में हिस्सा लिया।