ग्रेटर नोएडा। नोएडा सेक्टर-20 थाना पुलिस ने निजी चैनल में साक्षात्कार देकर आए मूलरूप से झज्जर व फिलहाल गौड़ सिटी-2 निवासी भारत वर्मा को गिरफ्तार कर चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोपी ने चैनल के सीईओ व एडिटर इन चीफ सुधीर चौधरी को मेेसेज, व्हाट्सएप और कॉल कर प्रधानमंत्री के निजी सचिव विवेक कुमार और उनका पीए अभिजीत बनकर बात की और नौकरी पर रखने की सिफारिश की। शक होने पर मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
डीसीपी नोएडा राजेश एस ने बताया कि 18 से 22 जून के बीच सुधीर को दो अलग-अलग नंबर से मेसेज, व्हाट्सएप चैट व कॉल की गई। संपर्क करने वाले ने पहले खुद को प्रधानमंत्री के निजी सचिव विवेक कुमार का पीए अभिजीत बताया। पहले एक नंबर से अभिजीत बनकर बात की और खुद यानी भारत को न्यूज चैनल में नौकरी पर रखने की सिफारिश की। इसके बाद दूसरे नंबर से खुद को विवेक कुुमार बताकर बात की और भारत को नौकरी पर रखने की सिफारिश की। इसके बाद भारत न्यूज चैनल में साक्षात्कार भी देकर आ गया। शक होने पर मामले की सूचना पुलिस को देकर सेक्टर-20 थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
सेल्समैन के बाद निजी चैनल की नौकरी छूटने पर उठाया कदम
सेक्टर-20 थाना प्रभारी मुनीष चौहान ने मामले की जांच की तो पता चला कि भारत ने गूगल आदि से निजी सचिव और पीए के नाम-पहचान आदि की जानकारी जुटाई और ट्विटर से फोटो उठाकर व्हाट्सएप की डीपी भी लगा ली। आरोपी 2012 तक सेल्समैन था। बाद में वह एक निजी चैनल से जुड़ गया, कुछ दिन पहले ही उसकी नौकरी छूट गई थी।