नोएडा। सेक्टर-65 स्थित एक कॉल सेंटर से निकालने पर सैकड़ों कर्मचारियों ने सोमवार दोपहर को हंगामा कर दिया। आरोप है कि हंगामे के दौरान कॉल सेंटर के बाउंसरों ने महिला कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद नाराज कर्मचारियों ने कॉल सेंटर पर पथराव कर दिया। इस मामले में कॉल सेंटर की तरफ से 20 नामजद समेत अज्ञात बीस लोगोें के खिलाफ कोतवाली फेज थ्री पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं कर्मचारियों का आरोप है कि उन लोगों की तरफ से रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही है।
सेक्टर-65 के ए ब्लॉक में धनी लोन नामक एक कॉल सेंटर का संचालन होता है। पिछले दिनों करीब एक सौ लोगोें को नौकरी से निकालने का नोटिस दिया गया था। इस कारण कॉल सेंटर के कर्मचारी नाराज होकर सोमवार को कॉल सेंटर के बाहर इकट्ठा होकर नारेबाजी की। इसके बाद वहां हंगामा हो गया और आरोप है कि कॉल सेंटर के बाउंसरों ने महिला कर्मचारियों समेत अन्य से मारपीट कर दी। इसके बाद वहां कर्मचारी उग्र हो गए और उन्होंने पत्थरबाजी कर दी। इसके बाद पुलिस वहां मौके पर पहुंची कई लोगों को थाने लेकर आई। पत्थरबाजी व मारपीट में करीब आधे दर्जन से अधिक महिला व पुरुष कर्मचारियों को चोटें आईं।
वहीं कंपनी प्रबंधन का कहना है कि एक एग्रीमेंट के तहत कर्मचारियों को 55 दिन के लिए रखा गया था। इसके बाद परफॉरमेंस के आधार पर नियुक्ति को आगे बढ़ाने कह बात कही गई थी। वहीं कर्मचारियों का कहना है कि अचानक से कंपनी से एक सौ से अधिक लोगों को ऑफिस नहीं आने का नोटिस दे दिया गया था। कंपनी के कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस भी कॉल सेंटर संचालकों की मदद कर रही है और उनकी शिकायत पर कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। कोतवाली फेज थ्री के प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी ने बताया कि कॉल सेंटर संचालक की शिकायत पर 20 नामजद कर्मचारियों समेत अज्ञात 20 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।