बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए परिषदीय स्कूलों के गेट बंद।
निरीक्षण के बाद शौचालयों की मरम्मत शुरू, छुट्टी के समय ही खोले जा रहे गेट
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। परिषदीय स्कूलों की व्यवस्था में अब धीरे-धीरे बदलाव दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को जिले के अधिकतर परिषदीय स्कूलों के गेट बंद मिले। स्कूल खुलने और छुट्टी के समय ही गेट खोले जा रहे हैं, ताकि बच्चों की सुरक्षा और स्कूल परिसर की व्यवस्था बेहतर रह सके। गढ़ी चौखंडी के प्राथमिक स्कूल में कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दौरा किया था।
इस दौरान शौचालय की स्थिति बेहद खराब मिली थी। निरीक्षण के बाद से शौचालय का मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। जहां-जहां शौचालय की स्थिति खराब है, वहां वहां ठीक कराने पर जोर दिया जा रहा है।
सेक्टर- 15 नयाबांस, सर्फाबाद और गिझौड़ स्थित कंपोजिट स्कूल व गढ़ी चौखड़ी स्थित प्राथमिक स्कूल पर बंद मिले। शुक्रवार को छुट्टी के समय स्कूल पहुंचे अभिभावकों ने बताया कि पहले की तुलना में अब स्कूलों में बदलाव नजर आ रहा है। स्कूलों के गेट बंद रहने से बच्चों की आवाजाही नियंत्रित हो रही है और परिसर में अनावश्यक लोगों का प्रवेश भी रुक रहा है।
अभिभावक लक्ष्मी ने बताया कि अब स्कूल की छुट्टी के समय ही गेट खोला जाता है। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों को भी राहत महसूस हो रही है।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से भी स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने और व्यवस्थाओं की निगरानी करने पर जोर दिया जा रहा है। शिक्षकाें का कहना है कि स्कूलों में साफ-सफाई, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। आने वाले दिनों में अन्य व्यवस्थाओं में भी सुधार कराया जाएगा।
-----------