- आर्थिक विकास व पर्यटन को मिलेगी रफ्तार, एयरपोर्ट के लिए जल्द शुरू होगी बस सेवा
पीयूष गौतम
यमुना सिटी। नोएडा एयरपोर्ट से यात्रियों की सुविधा के लिए अब सीधी बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। नई सुविधा से उत्तराखंड, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े शहर सीधे एयरपोर्ट से जुड़ेंगे। योजना के तहत लग्जरी और एसी बसें उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थलों जैसे देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और मसूरी तक चलेंगी। इसी तरह हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद और चंडीगढ़ से भी सीधी बसें एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके अलावा पश्चिमी यूपी के आगरा, मेरठ और गाजियाबाद जैसे शहरों को भी इस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न सेक्टरों से सिटी बस सेवा एयरपोर्ट तक चलाई जाएगी। जो एक्सप्रेसवे के रास्ते दनकौर, गौड़ यमुना सिटी, और रबुपुरा से होकर गुजरेगी। यात्रियों की अंतिम दूरी की परेशानी को खत्म करने के लिए एयरपोर्ट प्राधिकरण ने रैपिडो के साथ भी करार किया है ताकि लोगों को 24 घंटे ‘फर्स्ट और लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ उपलब्ध हो सके। इस कदम से यात्रियों को समय और लागत दोनों में राहत मिलेगी तथा धार्मिक यात्राओं और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
रोडवेज के साथ अनुबंध
एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (यापल) का उत्तर प्रदेश और राजस्थान रोडवेज के साथ अनुबंध की प्रक्रिया चल रही है। पहले ही यापल ने उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली के परिवहन निगमों से अनुबंध कर लिए हैं। यहां से बस सेवा शुरू होने से यात्रियों की सुविधा बढ़ जाएगी। यात्री इन राज्यों से सीधे नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेगे।
उबर और रैपिडो संग किया करार
एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए रैपिडो, महिंद्रा और ऊबर के साथ साझेदारी की है। इसके तहत हवाई अड्डा परिसर में पिकअप और पार्किंग जोन बन कर तैयार हैं। जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने में आसानी होगी। यह सुविधा यात्रियों के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगी।