जगदीशपुर रेलवे क्रासिंग पर खड़ी रोडवेज । संवाद
- फोटो : संवाद
जफराबाद (जौनपुर)। क्षेत्र के जगदीशपुर रेलवे क्राॅसिंग पर रविवार की सुबह करीब नौ बजे रोडवेज बस ने बूम को टक्कर मार दी। जबकि एक ट्रक दूसरी तरफ के गिर रहे बूम को टक्कर मारकर निकल गया। इसके चलते बस दोनों क्राॅसिंग के बीच में फंस कर खड़ी हो गई। यह देख बस सवार 42 लोग उतर गए। उधर, बस को खड़ी देखकर उधर से आ रही मालगाड़ी को चालक ने कुछ दूर ही रोक दिया। बाद में बस को क्राॅसिंग पार कराया गया, तब 10 मिनट बाद मालगाड़ी को रवाना किया गया।
रविवार की सुबह रोडवेज बस जौनपुर से वाराणसी की तरफ जा रही थी। उसी समय लखनऊ की तरफ से एक मालगाड़ी आ रही थी। गेटमैन अवनीश यादव क्राॅसिंग का बूम गिरा रहा था। उसी समय मनबढ़ रोडवेज चालक ने जल्दबाजी में बस को क्राॅसिंग के दोनों बूम के बीच में घुसा दिया, उधर वाराणसी की तरफ से आ रहा ट्रक दूसरी तरफ के गिर रहे बूम को टक्कर मारकर निकल गया। उसकी टक्कर से बूम को संचालित करने वाला तार उतर गया। इसके चलते बूम की गुल्ली उतरने से गेट बंद हो गया। इससे बस दोनों क्राॅसिंग के बीच में फंस गई। घटना के बाद बस में बैठी सवारियां उतर गईं। उधर, चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए मालगाड़ी को कुछ दूर ही रोक दिया। बाद में जब बस क्राॅसिंग के पार हुई तब मालगाड़ी रवाना हुई।
गेटमैन अवनीश यादव ने बताया कि जब मालगाड़ी पास करवाने के लिए बूम बंद किया जा रहा था। उसी समय जबरदस्ती रोडवेज चालक ने बस को अंदर घुसा दिया। उधर दूसरे बूम को ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे बूम का तार उतर गया।
रोडवेज और ट्रक के टक्कर मारने से बूम की गुल्ली उतर गई। इससे गेट बंद हो गया। इसे ठीक करने के बाद बस को हटवाया गया। इसके बाद मालगाड़ी को रवाना किया गया। - सुनील कुमार, स्टेशन अधीक्षक, जफराबाद रेलवे स्टेशन।