संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। बिजली ठीक करते समय करंट लगने से झुलसे लाइनमैन सहायक की चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा साढौरा के गांव कल्याणपुर अंटारी के समीप छह अक्तूबर की रात हुआ था। तब से चल रहे इलाज के बाद उसने दिवाली के दिन दम तोड़ दिया। लाइनमैन की मौत पर उसकी पत्नी नेहा ने बिजली निगम के कर्मियों पर लापरवाही के आरोप लगाए। थाना साढौरा पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
शिकायत में गांव झूर माजरा निवासी नेहा ने बताया कि उसके पति रजनीश कुमार बिजली निगम में एएलएम थे। छह अक्तूबर रजनीश साढौरा में ड्यूटी पर थे। गांव कल्याणपुर अंटारी से ट्रांसफार्मर की लाइन में दिक्कत आने की शिकायत पर रजनीश अपने साथी सुमित के साथ यहां पहुंचे थे। इस दौरान ट्रांसफार्मर का जंपर काटने के बाद रजनीश फ्यूज लगाने के लिए ट्रांसफार्मर पर चढ़े, तभी बंद लाइन में करंट आ गया।
रजनीश ने जैसे ही तार को छुआ उन्हें करंट लगा और तेज धमाके के साथ बिजली बंद हो गई। साथी सुमित ने इसकी सूचना पावर हाउस में पहुंचाई। मौके पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने रजनीश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सक ने चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया, जहां 20 अक्तूबर की सुबह रजनीश ने दम तोड़ दिया।
सूचना पाकर पहुंची साढौरा पुलिस को नेहा ने शिकायत दी। जांच अधिकारी कुलदीप का कहना कि शिकायत के आधार पर अज्ञात पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि करंट से झुलसे रजनीश कुमार को इसी वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर श्रेष्ठ कर्मचारी के रूप में पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
बंद लाइन में करंट कैसे आया, इसकी जांच की जा रही हैं। इस बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। लापरवाही करने वाले कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी। - रामकुमार सैनी, एसडीओ, बिजली निगम।