नोएडा। गौतमबुद्ध नगर की तीनों सीटों पर मतदाताओं ने इस बार फिर भाजपा को बंपर जीत का तोहफा दिया। नोएडा सीट से पंकज सिंह, दादरी से मास्टर तेजपाल नागर और जेवर से धीरेंद्र सिंह ने बड़ी जीत हासिल की। पंकज सिंह ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी सुनील चौधरी को 1,81,513 वोटों के बड़े अंतर से हराया।
साहिबाबाद से भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा (2.14 लाख) के बाद प्रदेश में सर्वाधिक मतों के अंतर से यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है। जेवर से धीरेंद्र सिंह ने रालोद प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना को 56,315 और दादरी से तेजपाल नागर ने सपा प्रत्याशी राजकुमार भाटी को 1,38,218 वोटों से पराजित किया। नोएडा व दादरी से बसपा और तीनों सीटों से कांग्रेस प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। जिले में विकास कार्यों के दम पर और प्रत्याशियों की साख की बदौलत पार्टी ने नोएडा, दादरी और जेवर सीट पर पूर्व विधायकों पर ही दांव लगाया था, वहीं समाजवादी पार्टी ने इस बार कांग्रेस से नाता न जोड़कर रालोद से गठबंधन किया। नोएडा और दादरी सीट सपा और जेवर सीट रालोद को दी गई थी। बृहस्पतिवार सुबह जैसे ही मतगणना के रुझान आने लगे भाजपा प्रत्याशियों ने बड़ी बढ़त बना ली थी, जो अंत तक बरकरार रही।
नोएडा फेस-2 स्थित फूलमंडी में बनाए गए मतगणना केंद्र में सुबह आठ बजे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की गई। साढे़ आठ बजे से ईवीएम से मतगणना शुरू हुई। तीनों ही विधानसभा क्षेत्र में पहले ही राउंड से भाजपा के प्रत्याशियों ने ऐसी बढ़त बनाई कि अन्य दलों के प्रत्याशी प्रत्येक राउंड में पिछड़ते चले गए। नोएडा से पंकज सिंह ने रिकॉर्ड 2,44,319 वोट हासिल किए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा संयुक्त प्रत्याशी सुनील चौधरी 62,806 वोट ही हासिल कर पाए।
कांग्रेस और बसपा उम्मीदारों की हालत खस्ता रही। कांग्रेस की पंखुड़ी पाठक को जहां मात्र 13494 वोट ही मिल पाए, वहीं बसपा के कृपाराम शर्मा को 16292 वोट मिले। इस सीट पर सपा प्रत्याशी सुनील चौधरी को छोड़कर अन्य सभी 11 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। 204 वोट रद्द कर दिए गए।
दादरी विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी मास्टर तेजपाल नागर को 2,18,068 वोट मिले। इस सीट पर सपा प्रत्याशी राजकुमार भाटी को 79,850 वोट ही मिल पाए। बसपा के मनबीर सिंह 40,456 वोट हासिल करके तीसरे नंबर पर रहे। कांग्रेस और बसपा समेत अन्य सभी 11 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। इस सीट पर 274 वोट रदद् हुए।
जेवर सीट पर भी भगवा रंग ही छाया रहा। भाजपा के धीरेंद्र सिंह को 1,17,205 वोट मिले, जबकि उनकी टक्कर में रालोद प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना 60,890 वोट हासिल करके दूसरे नंबर पर रहे। बसपा प्रत्याशी नरेंद्र कुमार 45,256 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। यहां बसपा को छोड़कर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समेत सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। इस सीट पर 247 वोट रद्द किए गए।