- ग्रेनो प्राधिकरण ने की कार्रवाई, 62 हजार वर्गमीटर अधिसूचित जमीन पर बनाई जा रही थी अवैध कॉलोनी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अधिसूचित जमीन पर बनी अवैध कॉलोनी ध्वस्त कर दी गई। मंगलवार को प्राधिकरण ने करीब 62 हजार वर्गमीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 124 करोड़ रुपये है।
प्राधिकरण के वर्क सर्किल दो की टीम ने सुनपुरा की खसरा संख्या-413, 419, 421, 430, 432, 433, 434, 437, 439, 444 और 455 की 62 हजार वर्गमीटर जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। कॉलोनाइजर अवैध काॅलोनी काटने की कोशिश कर रहे थे। परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार के नेतृत्व में मंगलवार सुबह वर्क सर्किल दो के प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा, राजकुमार और सहायक प्रबंधक राजीव कुमार ने फील्ड स्टाफ, क्षेत्रीय थाना पुलिस, पीएसी, प्राधिकरण की पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में कार्रवाई की। करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई में छह जेसीबी और दो डंपर की सहायता से अवैध निर्माण ढहा दिए गए।
परियोजना विभाग के महाप्रबंधक और ओएसडी हिमांशु वर्मा ने अधिसूचित क्षेत्र में जमीन कब्जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होेंने परियोजना विभाग के सभी वर्क सर्किल प्रभारियों को अपने एरिया में जमीन पर अतिक्रमण रोकने के लिए कड़ी नजर रखने और अतिक्रमण की सूचना मिलते ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।