- एनपीसीएल ने जांच के बाद ग्रेनो वेस्ट की छह सोसाइटियों को तत्काल इंफ्रास्ट्रक्चर सुधारने के दिए निर्देश
- छह में से चार सोसाइटियों में नहीं मिली एजेंसी, सभी बिल्डर को जारी किया नोटिस
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट निवासियों की मांग पर नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) ने सोसाइटियों के बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर की जांच शुरू कर दी है। अब तक छह सोसाइटियों की जांच की गई है। जांच में सभी छह सोसाइटियों की बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर में खामियां मिली हैं। इनमें चारों सोसाइटियों में रखरखाव के लिए एजेंसी नहीं तैनात थी। जबकि दो अन्य में भी कमियां मिली हैं। एनपीसीएल ने सभी छह सोसाइटियों को नोटिस जारी कर खामियां दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं।
एनपीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि इको विलेज वन सोसाइटी में करीब 8 हजार फ्लैट हैं, लेकिन वहां का बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर उस क्षमता का नहीं बना है। यहां ट्रांसफार्मरों की संख्या भी कम है। वहीं पंचशील हाइनिश सोसाइटी में भी ट्रांसफार्मरों की कमी है। यहां किराए पर ट्रांसफार्मर लिए गए हैं। जुगाड़ कर एक प्वाइंट से 4 से 5 केबल जोड़ी गई है। जो सही नहीं है। वहीं निराला एस्पायर सोसाइटी के निर्माण कार्य में गड़बड़ मिली है। वहां एचटी लाइन के स्विच गियर को दीवार से सटाकर लगाया गया है। जबकि यह दीवार से तीन मीटर की दूरी होनी चाहिए। महागुन मायवुड्स सोसाइटी में बिजली की केबल खुली पड़े मिले हैं। जो बारिश के मौसम में परेशानी का सबब बन सकते हैं।
एनपीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि इन चारों सोसाइटी में बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर का रखरखाव नहीं किया जा रहा है। किसी में भी एजेंसी नियुक्त नहीं है। इस कारण बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर में खामियां आ रही हैं। इन सभी को नोटिस जारी कर तत्काल बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर के दुरुस्त करने को कहा गया है।
उधर गौड़ सिटी वन की 7 एवेन्यू सोसाइटी में रखरखाव के लिए एजेंसी नियुक्त है, लेकिन बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर में नमी की समस्या मिली है। इसके अलावा ऐस एस्पायर सोसाइटी के बिल्डर को भी रखरखाव के लिए एजेंसी नियुक्त करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। एनपीसील के प्रवक्ता मनोज कुमार झा के मुताबिक है कि बुधवार को ग्रेनो वेस्ट की फ्यूजन होम्स और अरिहंत अंबर सोसाइटी के बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर का निरीक्षण किया जाएगा।