ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित गौड़ सिटी के छठे एवेन्यू के गलत पते को सुधारने के लिए बिल्डर संशोधित लीजडीड कराने को राजी हो गया है। साथ ही सोसाइटी परिसर में बंद स्ट्रीट लाइटों को भी दुरुस्त कराया जाएगा। बृहस्पतिवार को ग्रेनो प्राधिकरण में आयोजित बैठक में निवासियों और बिल्डर के बीच कई मुद्दों पर सहमति बनी।
फ्लैट खरीदारों के मसले सुलझाने के लिए सीईओ नरेंद्र भूषण के निर्देश पर बिल्डर व खरीदारों की नियमित बैठकें हो रही हैं। इसके तहत प्राधिकरण के बिल्डर सेल प्रभारी ओएसडी संतोष कुमार की अगुवाई में ग्रेनो वेस्ट स्थित गौड़ सिटी के छठे एवेन्यू के निवासियों व बिल्डर प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें लंबे समय से चली आ रही गलत पते को सुधारने की मांग पूरी हो गई।
दरअसल, कई फ्लैट खरीदारों की लीजडीड में गौड़ सिटी एवेन्यू-6 अंकित है। जबकि, सही पता गौड़ सिटी जीसी-6/1 है। ओएसडी के निर्देश पर बिल्डर संशोधित लीजडीड कराने को राजी हो गया है। छठे एवेन्यू के गेट पर भी यही पता लिखा जाएगा। निवासियों ने सोसाइटी परिसर में स्ट्रीट लाइटों के बंद होने की शिकायत की। बिल्डर प्रतिनिधि ने उसे दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया है। बिल्डर द्वारा रखरखाव शुल्क बढ़ाने और सुरक्षा गार्डों को कम करने की शिकायत पर प्राधिकरण ने बिल्डर को सुरक्षा के लिहाज से सुरक्षाकर्मी तैनात करने के निर्देश दिए। इस दौरान निवासियों ने प्रस्तावित ग्रीन एरिया में पार्किंग का भी विरोध किया। बिल्डर ने उसे ठीक करने का आश्वासन दिया। बैठक में अनीता प्रजापति, रंजीत सिंह, धीरज सेठ, बीएम बाली, जय सिंह, अमरजीत, संदीप श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।