साहिबाबाद। लिंकरोड थानाक्षेत्र स्थित वैशाली तिराहे पर सात अक्तूबर की शाम करीब चार बजे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर वैशाली सेक्टर तीन निवासी बीटेक की छात्रा प्रियांशी (20) की मौत हो गई। हादसे में छात्रा के मामा अमित छावड़ा ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ देर रात मुकदमा दर्ज कराया है।
दर्ज मुकदमे में वैशाली सेक्टर तीन स्थित एपेक्स अकासिया वैली सोसायटी निवासी अमित छावड़ा ने बताया कि उनकी भांजी प्रियांशी मंगलवार की शाम बाजार से घर लौट रही थीं। वैशाली तिराहे पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में प्रियांशी गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक राहगीर ने घायल को पास के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि युवती अपनी मां के साथ अपने मामा के घर रहती थी। यहां रहकर वह बीटेक की पढ़ाई कर रही थी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।