कुलेसरा में हुआ हादसा, ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
भाई के साथ फरीदाबाद स्थित मायके जा रही थी महिला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। कुलेसरा में रविवार शाम डंपर की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि नवजात गंभीर रूप से घायल हो गई। ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने परिजन की तहरीर पर डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों ने हेलमेट लगाए थे या नहीं।
वैदपुरा निवासी सौरभ भाटी ने बताया कि उनकी पत्नी कोमल (36) नवजात बेटी और भाई कुणाल (18) के साथ बाइक से जा रही थीं। शाम करीब 6:15 बजे कुलेसरा पुलिस चौकी के सामने नो एंट्री में पीछे से आए डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे कोमल और कुणाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को पहले जिम्स फिर नोएडा सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई में भर्ती कराया।
पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है। महिला भाई के साथ फरीदाबाद स्थित मायके जा रही थी। इसी दौरान हादसा हुआ। हादसे के बाद आरोपी चालक डंपर लेकर फरार हो गया था। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि आरोपी डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मौत बनकर दौड़ रहे डंपर, नो इंट्री का खुलेआम उल्लंघन
ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में भारी वाहनों, खासकर डंपरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। नो इंट्री के बावजूद शहर की व्यस्त सड़कों पर डंपर बेखौफ दौड़ रहे हैं। स्कूल, बाजार और रिहायशी इलाकों में तेज रफ्तार डंपर लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। हाल के दिनों में डंपरों की चपेट में आकर कई लोग घायल हुए, जबकि कई की जान भी जा चुकी है। कई डंपर बिना फिटनेस के ही दौड़ रहे हैं। शिकायत के बावजूद जिम्मेदार चुप्पी साधे हैं।
पूर्व में डंपर से हुए हादसे
12 मार्च : बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के डेल्टा गोलचक्कर के पास एक स्कूटी सवार महिला डंपर के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौत हो गई।
एक नवंबर, 2025 : दादरी कोतवाली क्षेत्र में डंपर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, तीनों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
23 जुलाई, 2025 : बिसरख कोतवाली में एक डंपर ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौत हो गई थी।
काेट
नो इंट्री का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाती है। आगे भी अभियान चलाकर उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। अभय कुमार मिश्रा, डीसीपी ट्रैफिक, गौतमबुद्ध नगर