नोएडा के सेक्टर-2 स्थित सी-97 में ब्रिंक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कैश सिक्योरिटी एंड लॉजिस्टिक कंपनी में मंगलवार तड़के नकाबपोश बदमाश ने सिक्योरिटी गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान दूसरे सिक्योरिटी गार्ड ने बीचबचाव नहीं किया और केवल हवा में गोली चलाता रहा।
आशंका है कि नकाबपोश बदमाश चोरी या लूट करने कंपनी में दाखिल हुआ था। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि कंपनी में विभिन्न बैंकों का कैश रखा जाता है। यहां से कैश सुरक्षित तरीके से बैंक तक पहुंचाने का काम होता है। मंगलवार तड़के कंपनी के बाहर बने कंट्रोल रूम में दो हथियारबंद सिक्योरिटी गार्ड रविंद्र और उत्तम तैनात थे।
तड़के करीब 4:22 बजे एक नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर कंपनी में दाखिल हुआ, तभी उत्तम बदमाश के पास पहुंचा और उसे पकड़ लिया। बदमाश और गार्ड में हाथापाई होने लगी। बदमाश ने किसी प्रकार खुद को छुड़ाया और भागते वक्त उत्तम के सीने में गोली मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।