ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट के हॉल नंबर-2 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 का शुभारंभ किया। उद्घाटन करने के बाद पीएम और सीएम के साथ प्रदेश के मंत्री हाॅल से बाहर निकल गए। इस दौरान पुलिस ने पीएम की सुरक्षा के मद्देनजर सभी गेट बंद कर दिए। करीब 20 मिनट तक किसी को बाहर नहीं जाने दिया। गेट बंद होने से अभिनेता अर्जुन कपूर और उनके पिता बोनी कपूर भी भीड़ में फंस गए। हालांकि इस दौरान लोगों को उनके साथ सेल्फी लेने का मौका जरूर मिल गया। हालांकि परेशान होने के बाद दोनों वहां से हटकर दूसरी जगह चले गए। गेट बंद होने से दादरी और जेवर विधायक के साथ अन्य वीआईपी लोग भी फंसे रहे। ब्यूरो
अधिकारी भी नहीं कर सके हॉल में प्रवेश
सुबह कार्यक्रम शुरू होने से पहले हॉल नंबर-2 में सभी को प्रवेश दिया जा रहा था। लेकिन एक गेट होने और भीड़ उमड़ने के कारण अव्यवस्था हो गई। प्रवेश को लेकर गेट पर धक्कामुक्की शुरू हो गई। इसमें अधिकारी भी फंस गए। बीएसए राहुल पंवार भी भीड़ में शामिल थे। जबकि उनकी ड्यूटी वीआईपी एरिया में लगी थी। काफी देर होने पर प्रशासनिक अधिकारी पुलिस टीम के साथ वहां पहुंचे और बीएसए को लेकर आए।