जगतपुरी बस स्टैंड के पास सुबह हुआ हादसा, समय रहते उतरे सभी यात्री
एक घंटे में आग पर पाया काबू, जाम ने किया वाहन चालकों को परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शाहदरा जिला के जगतपुरी में बृहस्पतिवार सुबह बारिश के दौरान 40 सवारियों से भरी नीली क्लस्टर बस में आग लगने से अफरातफरी मच गई। पीछे बैठे यात्रियों ने इंजन से धुआं निकलने की सूचना दी तो चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को रोका और दोनों दरवाजे खोल दिए। इसके बाद सभी यात्री नीचे उतर गए। देखते ही देखते बस आग की लपटों में घिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की तीन गाड़ियां पहुंच गईं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझा दी गई। पुलिस ने शुरुआती जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि हादसा सुबह करीब 9:48 बजे ए-ब्लॉक, जगतपुरी बस स्टैंड के पास हुआ। यहां नीले रंग की क्लस्टर बस (रूट संख्या-340) केंद्रीय सचिवालय से सीमापुरी की ओर जा रही थी। बस में चालक-परिचालक के अलावा 40 यात्री सवार थे। दमकल की तीन गाड़ियों ने सुबह 10:45 बजे आग पर काबू पाया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। वहीं, बीच सड़क बस में आग लगने से कड़कड़ी मोड़ से शाहदरा की ओर जाने वाली सड़क पर भीषण जाम लग गया। आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने बस को एक ओर किया। इसके बाद ही ट्रैफिक व्यवस्था बहाल हो पाई।