नोएडा के सेक्टर-4 स्थित एल्युमीनियम और लोहे के दरवाजे बनाने वाली कंपनी में मंगलवार सुबह चार गैस सिलिंडर अधिक गर्म होने से फट गए। इससे कंपनी का बड़ा हिस्सा आग की लपटों से घिर गया। सूचना पर पहुंचे 12 से अधिक दमकल वाहनों ने 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे में 5 कर्मचारी झुलस गए। सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटा है। सेक्टर-4 के ए ब्लॉक में इंडिया इंटरनेशनल हाउस लिमिटेड कंपनी में लोहे के दरवाजे व हैंडल बनाए जाते हैं।
इसमें एलपीजी सिलिंडर समेत अन्य ज्वलनशील पदार्थों का इस्तेमाल किया जा रहा था। मंगलवार सुबह कंपनी में 100 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे। सुबह करीब 10:30 बजे कंपनी में रखे चार सिलिंडर एक के बाद एक फटते चले गए। सिलिंडर फटने के बाद कंपनी के अंदर आग लग गई।
इससे वहां अफरातफरी मच गई। इस हादसे में कर्मचारी शंभू, नदीम, हुकुम सिंह, रवि और बालकिशन गंभीर रूप से झुलस गए। सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम और सेक्टर-20 कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
छत उड़ी, आसपास की फैक्ट्रियों को खाली कराया
कर्मचारियों ने बताया कि तेज धमाके से चारों सिलिंडर फ टने कंपनी की छत उड़ गई। इससे आसपास अफरातफरी मच गई। कंपनी में काम रहे कर्मचारियों ने बाहर भागकर जान बचाई। हादसे की आशंका को देखते हुए मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद आसपास की फैक्ट्रियों की भी जांच की गई कि वहां तो कोई नुकसान नहीं हुआ।
कई लोग हादसे की चपेट में आ सकेत थे
पुलिस ने बताया कि कंपनी में सुबह 100 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे। हालांकि, जहां पर सिलिंडर फटे वहां पर कम कर्मचारी मौजूद थे। इस कारण 5 कर्मी ही हादसे चपेट में आए। अग्निशमन विभाग की टीम ने सबसे पहले कंपनी के अंदर मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि इस कंपनी के पास अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं था। कंपनी संचालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
-अरुण कुमार सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नोएडा
नोएडा: कपड़ा कंपनी में लगी आग
गौतमबुद्ध नगर जिले में थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के सेक्टर-5 में स्थित एक कपड़ा कंपनी में मंगलवार शाम को भीषण आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की छह गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
मुख्य दमकल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर 5 के ए-ब्लॉक स्थित एक्सपोर्ट गारमेंट की कंपनी में मंगलवार की देर शाम को भयंकर आग लग गई।
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची दमकल विभाग की छह गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सीएफओ ने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, जिस समय कंपनी में आग लगी थी, उस समय वहां पर काफी लोग काम कर रहे थे। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें सकुशल बाहर निकाला।