नोएडा। कोरोना काल में ऑक्सीजन सिलिंडर की किल्लत के बीच कालाबाजारी करने वाले लोगों की मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने तीन से चार गुना कीमत पर सिलिंडर बेच रहे दोे आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार रात को सेक्टर-5 के पास से दोनों पकड़कर चार ऑक्सीजन सिलिंडर, रिफिलिंग पाइप, चाबी, 780 रुपये समेत अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप सिंह ने बताया कि बुधवार को वीडियो वायरल हुआ था जिसमें ऑक्सीजन सिलिंडर की कालाबाजारी और जरूरतमंदों से मनमाने दाम लिए जाने की बात कही जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि सेक्टर-5 में दो लोग इस तरह की कालाबाजारी कर रहे हैं। दोनों को बुधवार रंात को सेक्टर-5 से गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी पहचान मूलरूप से दरभंगा बिहार निवासी श्याम शर्मा और देवेंद्र के रूप में हुई। श्याम हरौला और देवेंद्र लक्ष्मी नगर में रहता है। आरोपी छोटे सिलिंडर को 4000 और बड़े सिलिंडर को 9 से 10 हजार रुपये में बेच रहे थे।
कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने इससे पहले भी सिलिंडर की कालाबाजारी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बता दें कि मेडिकल इमरजेंसी में आम लोगों को ऑक्सीजन सिलिंडर नहीं मिल रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग कालाबाजारी में जुट गए हैं। इसके लिए कमिश्नरेट पुलिस ने बुधवार को डीसीपी क्राइम के नेतृत्व में स्पेशल टास्क फोर्स बनाई है।