पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और मंदिर मार्ग थाने ले आई
कहा- आपत्तिजनक शब्दों को वापस लें और सार्वजनिक रूप से माफी मांगें
तिवारी बोले- केजरीवाल ने दिल्ली के हर छोटे-मोटे वर्ग को अपमानित किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा के पूर्वांचल मोर्चा ने शुक्रवार को फिरोजशाह रोड पर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व एनडीएमसी सदस्य दिनेश प्रताप सिंह और पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा ने किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने केजरीवाल से मांग की कि वे आपत्तिजनक शब्दों को वापस लें और सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और उन्हें हिरासत में लेकर मंदिर मार्ग थाने ले आई।
इसके बाद सांसद मनोज तिवारी प्रदर्शनकारियों से मिलने थाने पहुंच गए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने न केवल पूर्वांचलवासियों, बल्कि दिल्ली के हर छोटे-मोटे वर्ग को अपमानित किया है। उन्होंने आप के पूर्वांचली नेता संजय सिंह से कहा कि उन्हें इस मामले में केजरीवाल से सवाल करने चाहिए। वहीं, दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि केजरीवाल ने हमेशा पूर्वांचल समाज को नीचा दिखाने का काम किया है। कोरोना काल में जब उन्होंने किरायेदारों को दिल्ली सरकार से किराया देने का वादा किया था तो वही लोग आनंद विहार में मौत के मुंह में छोड़ दिए गए। संतोष ओझा ने कहा कि केजरीवाल ने पूर्वांचल समाज को केवल वोट बैंक समझा और पिछले दस वर्षों में ठगा है। केजरीवाल ने रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों को दिल्ली में बसाया और पूर्वांचलवासियों को नीचा दिखाने की कोशिश की। इस बार पूर्वांचलवासी एकजुट होकर केजरीवाल को सत्ता से उखाड़ फेंकने में प्रमुख भूमिका निभाएंगे।
समाज का उड़ाया मजाक
विधायक अभय वर्मा ने कहा कि केजरीवाल ने समाज का मजाक उड़ाया है। अब उनका असली चेहरा सामने आ चुका है। महिला मोर्चा की अध्यक्ष ऋचा पांडे मिश्रा ने कहा कि केजरीवाल की नीतियों में स्पष्ट अंतर है। वे पूर्वांचल विरोधी हैं जो उनके हर बयान में साफ दिखता है। युवा मोर्चा के अध्यक्ष सागर त्यागी ने कहा कि दिल्ली की जनता अब केजरीवाल के झूठे वायदों को नहीं मानेगी और इस बार उनकी सरकार को उखाड़ फेंकेगी। केजरीवाल ने दस वर्षों में दिल्लीवासियों को बेवकूफ बनाने के लिए कई रंग बदले हैं और अब फिर से चुनाव में झूठे वादे कर रहे हैं।