'BJP is friendly to Dalits and backwards', State General Secretary said in the meeting of the District Executive
नूंह। इंडरी खंड के गांव खेड़ा खलीलपुर में रविवार को भाजपा जिला अनुसूचित जाति के जिलाध्यक्ष गंगादान डागर द्वारा ग्रीन फ्लावर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जिला कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा अनुसूचित जाति के प्रदेश महामंत्री हीरालाल नंबरदार ने कहा कि पार्टी दलितों और पिछड़ों की सच्ची हितैषी है। उनकी पार्टी में सभी का मान-सम्मान होता है। भाजपा ने ही देश-प्रदेश के दलित समाज को आगे लाकर पूरा मान-सम्मान दिया है। हम भाजपा को मजबूत करेंगे तो भाजपा हमें मजबूत करेगी।
इस मौके पर उन्होंने जिले के नूंह, तावडू, पुन्हाना, पिनगवा, इंडरी, फिरोजपुर झिरका और नगीना विकास खंडों से आए एससी समाज के भाजपा पदाधिकारियों के अलावा पंच-सरपंच आदि को भाजपा को मजबूत करने के गुर सिखाए। भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र पटेल ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है और हमें भाजपा के सदस्य होने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि मेवात में एक मिशन के तौर पर भाजपा काम कर रही है और दलित, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों को अग्रणी पंक्ति में लाकर खड़ा किया है। इस मौके पर मुख्य रूप से पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप देशवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जाहिद हुसैन चेयरमैन, रमेश चंद जिला प्रभारी, सरदार जीएस मलिक, दयाचंद कोली, ईश्वर सिंह, धर्मबीर, जगन सिंह पार्षद, नत्थूराम गुर्जर, योगेश तंवर, ललित डागर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।