मथुरा। साल 2026 में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत एवं शिक्षक स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पुष्पांजलि स्थित कैंप कार्यालय में जिला इकाई की कार्यशाला में चुनावी रणनीति पर मंथन हुआ।
जिला प्रभारी अशोक कटारिया ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ जीत-हार का नहीं, बल्कि संगठन की असली परीक्षा है। शिक्षक और स्नातक क्षेत्र भाजपा की रीढ़ हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने नई शिक्षा नीति, डिजिटल शिक्षा और समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इसके चलते जीत निश्चित है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का फोकस जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों के चुनाव पर रहेगा। जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय ने कहा कि सरकार ने गांव, गरीब और किसान के उत्थान के लिए तमाम योजनाएं चलाई हैं। जिसका लाभार्थियों तक सीधे लाभ पहुंचा है। कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय होकर विजय का संकल्प पूरा करने की अपील की है।
कार्यशाला में तय हुआ कि स्नातक विधान परिषद चुनाव के लिए प्रत्येक पदाधिकारी 50 मतदाता बनाएगा और सक्रिय सदस्य 20 मतदाता बनाएंगे। एमएलसी मानवेंद्र सिंह, देवेंद्र शर्मा, श्याम चतुर्वेदी, सलिग राम वटिया, नरदेव चौधरी, भानू प्रताप सिंह, मुरारी लाल, कोसी चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल, गोकुल चेयरमैन संजय दीक्षित, अनिल चौधरी आदि मौजूद थे।