पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल के खिलाफ भाजपा सांसद, विधायक उतरे सड़क पर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री निवास मामले में भाजपा ने दिल्ली सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बृहस्पतिवार को भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भाजपा ने केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ता अशोक रोड पर एकत्र हुए और फिराेजशाह रोड स्थित केजरीवाल के घर का घेराव किया। प्रदर्शन को उग्र होता देखकर भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत में लेकर संसद मार्ग थाने ले गई जहां कुछ देर बाद चेतावनी देकर सभी को छोड़ दिया गया।
इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मुख्यमंत्री का बंगला जनता की करोड़ों रुपये की गाढ़ी कमाई से बना है। भ्रष्टाचार का प्रतीक बंगला बन गया है, क्योंकि सोना जड़ित उसमें शौचालय बना है। दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी विभाग ने ही इसका खुलासा किया है। आठ लाख रुपये के पर्दे और करोड़ों रुपये के पत्थर से इसे सजाया गया है। बंगला बनाने में शराब घोटाले से लेकर जल बोर्ड घोटाले से पैसा आया। इसके अलावा उन आतंकवादी संगठनों से भी पैसा आया जिनसे आप पर पैसे लेने का आरोप है। वहीं, भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के बंगले में सोने का शौचालय लगा हुआ है, यह हैरानी का विषय है। शौचालय की 12 सीटों का हिसाब केजरीवाल को देना होगा। सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि बंगला बनाने में किसी भी नियम का पालन नहीं किया गया। खुद को आम आदमी कहने वाले मुख्यमंत्री ऐशो आराम से रहने के शौकीन हैं। सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को छलने का काम किया है। सोने की बनी शौचालय की सीट का हिसाब दिल्ली की जनता पूछ रही है। सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि केजरीवाल ने पूरी दिल्ली को लूटा है। आजादी के बाद यह पहली बार हुआ है, जब दिल्ली सरकार घाटे में गई है। विधानसभा नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि भाजपा की लड़ाई झूठ के खिलाफ है। यमुना को प्रदूषित करने का काम केजरीवाल ने किया है। मुख्यमंत्री आतिशी बताएं कि वह मथुरा रोड स्थित अपने मकान में रहती हैं या शीश महल में रहती हैं।
केजरीवाल के ‘हनुमान’ कैलाश विरोधी मंच पर दिखे
कैलाश गहलोत कभी खुद को केजरीवाल का हनुमान कहने से नहीं थकते थे, लेकिन प्रदर्शन के दौरान वे विरोधी मंच पर मुख्य भूमिका में दिखे। भाजपा नेताओं के सुर में सुर मिलाकर उन्होंने आप का विरोध कर नारेबाजी की। गहलोत ने कहा कि आप अब वह पार्टी नहीं रही जिसके लिए सब नौकरियां छोड़कर जन आंदोलन का हिस्सा बने थे। किसी पार्टी के कार्यकर्ताओं के मन में किसी नेता के प्रति सवाल है तो पार्टी अपने पतन की ओर है। आने वाले विधानसभा चुनाव में दिल्ली की जनता भाजपा की सरकार बनाएगी।