एमसीडी वार्ड समिति चुनाव :
आप के खाते में आई पांच समितियां, दक्षिणी वार्ड का फैसला ड्रॉ से हुआ
आठ समितियों में चुनाव से हुआ फैसला, चार में निर्विरोध चुने गए नेता
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
एमसीडी की वार्ड समितियों के चुनाव में बुधवार को भाजपा का पलड़ा भारी रहा। 12 वार्ड समितियों में से भाजपा सात पर कब्जा करने में कामयाब रही, जबकि आम आदमी पार्टी के खाते में पांच समितियां आईं। सबसे रोचक मुकाबला दक्षिणी वार्ड समिति में दिखा। इस वार्ड समिति के अध्यक्ष पद का मुकाबला बराबरी पर रहा। इसके बाद ड्रॉ में समिति आप के हिस्से में चली गई। वहीं, चार वार्ड समितियों के चुनाव की नौबत नहीं आई। इसमें से तीन पर आप और एक पर भाजपा की जीत हासिल हुई, जबकि आठ वार्ड समितियों में हार-जीत का फैसला मतदान से हुआ। इनमें से छह पर भाजपा ने कब्जा किया।
भाजपा ने केशवपुरम, शाहदरा दक्षिण, शाहदरा उत्तरी, मध्य, नजफगढ़, नरेला व सिविल लाइन वार्ड समिति में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के साथ-साथ स्थायी समिति के सदस्य के चुनाव में जीत हासिल की। केशवपुरम वार्ड समिति में उसके पार्षद निर्विरोेध चुने गए, जबकि अन्य छह वार्ड समितियों में उसे आप की चुनौती का सामना करना पड़ा। आप के पार्षद सिटी पहाड़गंज, करोल बाग व पश्चिमी वार्ड समिति में निर्विरोध चुने गए। वहीं, दक्षिणी वार्ड समिति में उसे भाजपा से कड़ी चुनौती मिली। अध्यक्ष पद पर भाजपा व आप के पार्षद को बराबर वोट मिले। इस तरह उनके बीच जीत का निर्णय ड्राॅ से हुआ। इस दौरान आप के पार्षद की पर्ची निकली। इस समिति के चुनाव में आप के चार पार्षदों के क्रॉस वोट करने की आशंका जताई गई है। आप की एक महिला पार्षद ने गलत मोहर लगनी की बात कहते हुए मतपत्र फाड़ दिया। इससे भाजपा के पार्षद को उसके बराबर वोट मिले, जबकि रोहिणी वार्ड समिति में वह आसानी से जीत गई। इस समिति में भाजपा ने अध्यक्ष पद पर हार के बाद उपाध्यक्ष पद व स्थायी समिति के सदस्य के चुनाव में अपने पार्षदों के नामांकन पत्र वापस करा लिए। वार्ड समितियों के चुनाव में भाजपा को दक्षिणी वार्ड समिति में करारा झटका लगा। इस समिति से स्थायी समिति के सदस्य के लिए उसने अपनी कद्दावर नेता शिखा राय को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उनके पक्ष में आप के दो पार्षदों ने भी वोट किया। इसके बावजूद वह जीत नहीं सकीं।
वार्ड समितियों में जीते पार्षद
वार्ड समिति अध्यक्ष उपाध्यक्ष स्थायी समिति सदस्य
सिटी एसपी मो. सादिक (आप) किरण बाला (आप) पी सिंह साहनी (आप)
सिविल लाइन अनिल त्यागी (भाजपा) रेखा (भाजपा) राजा इकबाल सिंह (भाजपा)
करोल बाग राकेश जोशी (आप) ज्योति गौतम (आप) अंकुश नारंग (आप)
केशवपुरम योगेश वर्मा (भाजपा) सुशील (भाजपा) शिखा भारद्वाज (भाजपा)
रोहिणी सुमन राणा (आप) धर्म रक्षक (आप) दौलत (आप)
नरेला पवन सहरावत (भाजपा) बबीता डबास (भाजपा) अंजू देवी (भाजपा)
पश्चिमी साहिब कुमार (आप) मंजू सेतिया (आप) प्रवीन कुमार (आप)
मध्य सुगंधा (भाजपा) शरद कपूर (भाजपा) राजपाल सिंह (भाजपा)
दक्षिणी कृष्ण जाखड़ (आप) राज बाला टोकस (आप) प्रेम चौहान (आप)
नजफगढ़ अमित खड़खड़ी (भाजपा) सुनीता (भाजपा) इंद्रजीत सहरावत (भाजपा)
शाहदरा उत्तरी प्रमोद गुप्ता (भाजपा) रितेश सुजी (भाजपा) सत्यपाल सिंह (भाजपा)
शाहदरा दक्षिणी संदीप कपूर (भाजपा) संजीव कुमार (भाजपा) नीमा भगत (भाजपा)