-, नोएडा समेत आसपास के जनपदों के उद्यमी ले सकेंगे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। उत्पादों की गुणवत्ता और मानकों को लेकर उद्यमियों के लिए भारतीय मानक ब्यूरो की ओर से अगस्त और सितंबर में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें उत्पादों के मानकीकरण, गुणवत्ता प्रबंधन और इंटरनल ऑडिट से जुड़ी बारीकियां सिखाई जाएंगी।
सेक्टर 62 स्थित बीआईएस के अकादमिक संस्थान राष्ट्रीय मानकीकरण प्रशिक्षण संस्थान (एनआईटीएस) में 5 अगस्त से 8 अगस्त तक चार दिवसीय ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें प्रयोगशाला गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली और आंतरिक लेखा परीक्षा विषय पर विशेषज्ञ जानकारी देंगे। यह प्रशिक्षण पूरी तरह वर्चुअल माध्यम से होगा, जिससे देशभर के उद्यमी ऑनलाइन जुड़ सकेंगे। इसके बाद 19 अगस्त से 22 अगस्त और फिर 9 सितंबर से 12 सितंबर तक दो अलग-अलग चरणों में चार दिवसीय ऑफलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम बीआईएस के निट्स कैंपस में आयोजित किए जाएंगे। इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को उत्पादों के परीक्षण, गुणवत्ता नियंत्रण, इंटरनल ऑडिट की प्रक्रिया और अंतरराष्ट्रीय मानकों की जानकारी दी जाएगी। बीआईएस के अनुसार नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में काम कर रहे उद्यमी इन प्रशिक्षण में शामिल हो सकते हैं।
-
कैसे कराएं पंजीकरण
संस्थान के अनुसार प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण बीआईएस की वेबसाइट services.bis.gov.in पर किया जा सकता है। जहां से उद्यमी सीधा जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा प्रशिक्षण से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां भी उन्हें वेबसाइट से मिल जाएंगी।