गणित की तुलना में बॉयोलॉजी के लिए आए दोगुने आवेदन
- बॉयोलॉजी में दाखिले के लिए एक सीट पर चार से पांच दावेदारी, गणित के लिए दो
- बीए में दाखिले के लिए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सबसे ज्यादा आवेदन, साइंस के छात्रों ने भी किया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। छात्रों के लिए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध सरकारी कॉलेज में दाखिले की राह मुश्किल होने जा रही है। पिछले कुछ दिनों में आवेदन करने वाले छात्रों का आंकड़ा बढ़ गया है। एक-एक सीट के लिए चार से पांच आवेदन आए हैं। इस बार बीएसी गणित में छात्रों की रुचि बढ़ती हुई दिख रही है। अकेले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 30 सीटों के लिए अब तक 132 से ज्यादा आवेदन आ गए हैं। जबकि अभी दाखिले की प्रक्रिया चलेगी। वहीं, निजी कॉलेज में बहुत कम आवेदन आ रहे हैं। उनके लिए सीट भरना तक मुश्किल हो गया है।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध 47 कॉलेज हैं। इसमें दाखिले के लिए 25 अप्रैल से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। जिले में दो सरकारी, एक विश्वविद्यालय का संगठन महाविद्यालय और एक अर्द्धसरकारी कॉलेज है। निजी कॉलेज से ज्यादा छात्र सरकारी कॉलेज के लिए आवेदन कर रहे हैं। आंकड़ाें के अनुसार, सबसे ज्यादा छात्र बॉयोलॉजी में रुचि दिखा रहे हैं। बादलपुर कॉलेज में दोनों में निर्धारित 30 सीटों के लिए बॉयोलॉजी के लिए 144 और गणित के लिए 57 आवेदन आए हैं। सेक्टर- 39 स्थित राजकीय स्नातकोत्तर में 30 सीटों में बॉयोलॉजी के लिए 132 और गणित के 57 छात्रों के आवेदन आए हैं। जेवर के 60 सीटों के लिए बॉयोलॉजी के लिए 26 और गणित के लिए 9 आवेदन आए हैं। ऐसे में 75 प्रतिशत से अधिक मेरिट लिस्ट रहने की संभावना जताई जा रही है।
12वीं तक साइंस, अब बीए में दाखिले के लिए किया आवेदन
बादलपुर स्थित कुमार मायावती महिला कॉलेज में 360 सीटों पर 384 आवेदन आए हैं। सेक्टर- 39 स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 280 सीटों पर 510 आवेदन आए हैं। वहीं, जेवर स्थित गर्वमेंट कॉलेज में 140 सीटों पर 48 आवेदन आए हैं। इसमें ऐसे छात्र भी शामिल हैं, जिन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई साइंस से की है, लेकिन अब बीए में दाखिला ले रहे हैं। इस वजह से भी आवेदनों का आंकड़ा बढ़ रहा है। वहीं, कॉमर्स के लिए मायावती गर्वमेंट महिला कॉलेज में 60 सीटों पर 140 आवेदन आवेदन आए हैं। जबकि सेक्टर- 39 स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 120 सीटों पर 208 आवेदन आए हैं।
वॉयोलाॅजी में आवेदन का आंकड़ा बढ़ा है। अभी आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में आवेदनों का आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में मेरिट लिस्ट भी ऊंची रह सकती है। वहीं, बड़ी संख्या में ऐसे छात्र भी हैं, जो 12वीं में साइंस से पढ़ाई करने के बाद बीए में दाखिले के लिए आवेदन करते हैं।
डॉ. राजीव गुप्ता, प्राचार्य, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय