कार का चालान भी हेलमेट न पहनने पर जारी हुआ
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ट्रैफिक नियम न तोड़ने के बावजूद वाहनों पर गलत चालान जारी होने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को ऐसा ही एक मामला उस समय चर्चा में आया जब हरियाणा के जींद के सरकारी अस्पताल में तैनात एक कर्मचारी को आवंटित बाइक का चालान नोएडा में काट दिया गया। चालान में बाइक चालक पर हेलमेट न पहनने के आरोप में 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि बाइक जींद में अस्पताल परिसर में खड़ी हुई बताई जाती है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मामला पोस्ट होने के बाद नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नंबर प्लेट पर गलत फॉन्ट में लिखे गए अंकों के कारण भ्रम की स्थिति बनती है और ऐसे में गलत वाहन पर चालान हो सकता है। पुलिस ने यह भी बताया कि त्रुटि की जानकारी मिलते ही चालान को सुधार दिया जाता है।
इसी तरह सेक्टर-57/58 चौराहे पर हेलमेट न पहनकर बाइक चलाने वाले एक व्यक्ति का चालान गलती से एक कार के नंबर पर जारी कर दिया गया। कार मालिक मनीष ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर शिकायत दर्ज की। पुलिस ने जवाब देते हुए ई-चालान हेल्पलाइन 7065060882 पर संपर्क कर समस्या का निस्तारण कराने की सलाह दी है।