हरियाणा के लिए उपयोगी।
-मोहन गार्डन इलाके की घटना, घायल युवक पर हत्या समेत दो मामले दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका जिले के मोहन गार्डन इलाके में सोमवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसकी पहचान गांव कबूलपुर घिटोली रोहतक, हरियाणा निवासी मोहित (28) के रूप में हुई है। घटना के बाद बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन जाम की वजह से वह निकल नहीं पाए और अपनी बाइक घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए। घायल को तुरंत पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया गया है।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6.23 बजे मोहन गार्डन थाना पुलिस को तारक अस्पताल से एक युवक को गोली मारे जाने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची। पता चला कि द्वारका मोड़ के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने मोहित पर गोलियां चलाई हैं। उसे करीब पांच गोलियां लगी हैं। बदमाश उसे गोली मारने के बाद बाइक से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन जाम होने की वजह से वह घटनास्थल पर ही बाइक छोड़ कर भाग गए। मोहित की हालत बिगड़ने के बाद उसे एम्स ट्राॅमा सेंटर में रेफर कर दिया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने बदमाशों की बाइक को जब्त कर लिया है। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। जिसने वहां से साक्ष्य हासिल किए। वहां से टीम को कई खोखे मिले हैं।
गैंगवार की आशंका
जांच करने पर पता चला कि मोहित पर पहले से ही एक हत्या सहित दो मामले दर्ज हैं। शुरुआती जांच के बाद पुलिस गैंगवार की घटना से इंकार नहीं कर रही है। बताया जा रहा है कि घायल मोहित रोहतक के एक गैंग से जुड़ा है। पुलिस ने कई टीम गठित कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।