लखनऊ। काकोरी क्षेत्र में रविवार देर शाम आगरा सर्विस लेन पर गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने सामने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार चालक वाहन लेकर भाग गया।
इंस्पेक्टर सतीश राठौर के मुताबिक करीमाबाद गांव निवासी श्याम पांडे (50) रविवार शाम सात बजे काकोरी मोड़ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती बुखार पीड़ित बेटे निर्मल पांडे और पत्नी रामरानी को खाना देने जा रहे थे। आगरा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर गलत दिशा से आ रही कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में श्याम पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
पुलिस ने बताया कि कार चालक की तलाश की जा रही है। परिवार में पत्नी रामरानी, बेटा निर्मल और दो बेटियां रीता व सरिता हैं।
हादसे में घायल युवक की मौत
लखनऊ। गौतमपल्ली इलाके के जियामऊ निवासी शिवकुमार यादव (36) दूध बेचते थे। उनके भाई सोनू ने बताया कि शिवकुमार को 14 अक्तूबर को गोमतीनगर में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल भाई को उन्होंने ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया था। शनिवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शिवकुमार अविवाहित थे।