कार के खुले गेट से टकराकर बाइक सवार की मौत
गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन के पास हुआ हादसा, पुलिस कर रही जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन के पास कार के खुले गेट से टकराकर बाइक सवार की मौत हो गई। कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने अभी तक थाने में शिकायत नहीं दी है।
बुलंदशहर के ककोड़ निवासी विवेक कुमार बाइक से शनिवार सुबह सात बजे के करीब सेक्टर-38 से सेक्टर-18 की तरफ जा रहे थे। गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन के पास कैब चालक ने अचानक ब्रेक मारकर दरवाजा खोल दिया। इससे विवेक की बाइक गाड़ी के दरवाजे से टकरा गई। विवेक सिर के बल सड़क किनारे रखे गमले पर गिर गए और बेहोश हो गए। आनन फानन में पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि अधिक खून बहने से बाइक सवार की मौत हुई है। बाइक नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की गई और उसके परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। मौके से पुलिस को हेलमेट नहीं मिला है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है।