संवाद न्यूज एजेंसी
अबोहर। अबोहर तहसील के गांव बजीतपुर कट्टियांवाली निवासी एक चिनाई मिस्त्री की बुधवार देर सायं ट्राले की टक्कर से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गांव बजीतपुर कट्टियांवाली निवासी जगदीश (32) उर्फ बबलू गांव कुहाडा वाली में चिनाई का कार्य करके रोज की भांति बाइक से अपने गांव जा रहा था।
गांव झूमियां वाली के पास एक ट्राले के साथ उसकी टक्कर हो गई, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दे दिया। इधर घटना का पता चलते ही मृतक के परिजन भी सरकारी अस्पताल पहुंचे और उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया। मामले की सूचना थाना खुई खेड़ा पुलिस को दी गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।