- होली खेलने देहरादून से बरसाना जा रहा था बाइक सवार छात्र, ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम हादसे में एक छात्र की मौत हो गई। बाइक सवार छात्र की बाइक ओवरटेक करते समय पिकअप से टकरा गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
बिहार के हाजीपुर निवासी युवक अमरीक (22) देहरादून स्थित एक विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग का छात्र था। पुलिस ने बताया कि वह होली खेलने बाइक से बरसाना जा रहा था। यमुना एक्सप्रेसवे पर दनकौर कोतवाली क्षेत्र में पिकअप को ओवरटेक करते समय हादसा हुआ है। जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के लिए ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में उसे ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के पास से मिले डॉक्यूमेंट के आधार पर उसकी पहचान कर परिवार के लोगों को सूचना दे दी है। दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार द्वारा शिकायत के बाद कार्रवाई की जाएगी।