बाइक बोट फर्जीवाड़ा : बड़े प्रॉपर्टी डीलरों ने खपाई निवेशकों की गाढ़ी कमाई
ग्रेटर नोएडा। अरबों के बाइक बोट फर्जीवाड़े की गौतमबुद्ध नगर आर्थिक अपराध शाखा जांच कर रही है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय ने भी मनी लांड्रिंग का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब तक की जांच और आरोपियों से पूछताछ के बाद पुष्टि कर चुकी है कि आरोपियों ने फर्जीवाड़े की सर्वाधिक रकम रियल एस्टेट में लगाई है। अब यह भी पता चल रहा है कि संजय भाटी ने रकम लगाने के लिए गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर और मेरठ के कुछ बड़े प्रॉपर्टी डीलर का सहारा लिया है। इन्हीं डीलरों को रकम देकर रियल एस्टेट में रकम खपाई गई है। ईडी फर्जीवाड़े के एक-एक रुपये का हिसाब आरोपियों से लेगी, इसलिए रियल एस्टेट में रकम लगवाने वाले बिचौलिये प्रॉपर्टी डीलरों पर भी ईडी का शिकंजा कसेगा।
हजारों लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाली गर्वित इनोवेटिव प्रमोटर्स लिमिटेड यानी बाइक बोट कंपनी के निवेशक ईडी के केस दर्ज करने के बाद राहत महसूस कर रहे हैं। वहीं, इस फर्जीवाड़े में शामिल रहे बड़ी संख्या में आरोपियों की धड़कनें बढ़ गई हैं। आरोपी पुलिस के केस दर्ज करने और मुख्य आरोपी के जेल जाने के बाद भी इतने परेशान नहीं थे। अब सूत्र बता रहे हैं कि ईडी के केस दर्ज करने के बाद फर्जीवाड़े की रकम इस्तेमाल करने वाले हर शख्स को ईडी की जांच की आंच महसूस होने लगी है।
पायलट इंस्टीट्यूट में किया निवेश, हेलीकॉप्टर खरीदे
कोट गांव स्थित बाइक बोट के पूर्व दफ्तर पर डेढ़ माह से आंदोलन कर रहे दीपक चौधरी ने बताया कि संजय भाटी और उसके करीबियों ने पायलट प्रशिक्षण देने वाले इंस्टीट्यूट में भी बड़ी रकम निवेश की है। चार हेलीकॉप्टर भी खरीदे हैं।
करीबियों के ठिकानों पर दबिश
ईडी के केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने भी जांच तेज कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फर्जीवाड़े में शामिल संजय भाटी के कुछ करीबियों की गिरफ्तारी के लिए उनके ठिकानों पर दबिश दी गईं हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस मामले में जल्द ही और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
आज से 21 निवेशकों का अन्न जल त्यागकर आमरण अनशन
दादरी स्थित बाइक बोट के दफ्तर पर पांच दिन से पांच निवेशक आमरण अनशन पर थे। इनमें से चार अमित, अजेेेंद्र, अरुण और प्रवीण फौजी की हालत बिगड़ गई। इसके चलते दीपक चौधरी ने उन्हें नारियल पानी पिलाकर उनका आमरण अनशन खत्म करा दिया। आमरण अनशन पर बैठे पांचवें निवेशक मुन्ना बालियान के साथ 20 अन्य निवेशक मंगलवार से अन्न जल त्यागकर आमरण अनशन पर बैठेंगे। इनमें दीपक चौधरी, प्रदीप भार्गव, बृजेश गौतम, राजकुमार, मनीकांत, आमिर, धर्मेंद्र, सदाकृष्ण, मनीष, अजीत, रामसाद, ओमप्रकाश, सतीश, विनोद, प्रमोद, रेखा, सुरेश गोयल, सुरेश चौधरी और मुरारीलाल शामिल हैं।