भिवानी। भीम स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय 58वीं राज्य स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। जिसमें एथलेटिक्स में अंडर-14 आयु वर्ग में फरीदाबाद, अंडर-17 में भिवानी और अंडर-19 में हिसार प्रथम स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता में प्रदेश भर के युवा खिलाड़ियों ने क्रिकेट, बास्केटबाल और एथलेटिक्स जैसी विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विजेताओं को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. निर्मल दहिया, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष भारद्वाज और उप जिला शिक्षा अधिकारी शिवकुमार तंवर ने कहा कि यह प्रतियोगिता बच्चों में अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व जैसे गुणों का विकास करती है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भागीदारी सुनिश्चित करने का भी सुझाव दिया।
हरियाणा शारीरिक शिक्षक एसोसिएशन के जिला प्रधान कुलदीप महला पीटीआई ने बताया कि इस वर्ष की प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के लड़कों ने हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि अंडर-14 आयु वर्ग में एथलेटिक्स में फरीदाबाद प्रथम, करनाल द्वितीय और हिसार तृतीय स्थान पर रहा। अंडर-17 में भिवानी प्रथम, फरीदाबाद द्वितीय और हिसार तृतीय स्थान पर रहे जबकि अंडर-19 आयु वर्ग में हिसार प्रथम, फतेहाबाद द्वितीय और फरीदाबाद तृतीय स्थान पर रहा।
समारोह में खेल संयोजक सत्यवान कोच, एइओ श्रीभगवान, एइओ डॉ. अनिल कुमार, प्रीतपाल, अरविंद, देवेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। सभी विजेता टीमों और व्यक्तिगत विजेताओं को अतिथियों ने मेडल और ट्रॉफी से सम्मानित किया।