- कराटे प्रतियोगिता में एनसीआर के 15 स्कूलों के करीब 180 खिलाड़ी हुए शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के नॉलेज पार्क-5 स्थित प्रॉमिनेंस वर्ल्ड स्कूल में शनिवार को अंतर विद्यालय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अलग अलग आयुवर्ग में दिल्ली-एनसीआर के 15 विद्यालयों के करीब 180 खिलाड़ी शामिल हुए। प्रतियोगिता में भारत भारती पब्लिक स्कूल, नई दिल्ली ने ओवरऑल ट्रॉफी हासिल की। वहीं द श्री राम यूनिवर्सल स्कूल दूसरे और एस्टर पब्लिक स्कूल, नॉलेज पार्क-5 तीसरे स्थान पर रहा। विजेता खिलाड़ी और टीमों को ट्रॉफी व पदक देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का संचालन स्कूल की स्पोर्ट्स हेड अनामिका चौहान और कराटे कोच मीर के नेतृत्व में किया गया। शितो-र्यू कराटे एसोसिएशन के विवेक श्रीवास्तव बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि गौतम बुद्ध नगर कराटे वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव कमल थापा ने किया। विशिष्ट अतिथि शितो-र्यू कराटे एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष बृज मोहन खन्ना मौजूद रहे। स्कूल के निदेशक मणि कुमार ने सभी विजेता खिलाड़ियों को जीत की बधाई दी।