बार मैनेजर पर 9.50 लाख के गबन का आरोप
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में बार मैनेजर पर गबन और चोरी का गंभीर आरोप लगा है। बार मालिक ने मैनेजर पर करीब 9.50 लाख रुपये के गबन, 1 लाख रुपये की चोरी और ग्राहकों से धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
अवनेश भाटी निवासी सेक्टर डेल्टा-3 का कहना है कि वह ग्रेटर नोएडा डनहिल हॉस्पिटैलिटी नाम से अल्फा-1 कामर्शियल बेल्ट में बार संचालित करते हैं। उन्होंने सुंदर राज निवासी पिथौरागढ़, उत्तराखंड को मैनेजर पर रखा था। वह वर्तमान में गुलमोहर सोसाइटी में रह रहा है। आरोप है कि बार में हुई नगद बिक्री से 9.50 लाख रुपये सुंदर राज ने अपने घर पर रख लिए। जब मालिक ने बार-बार पैसे मांगे तो वह बहाने बनाता रहा और रकम नहीं लौटाई। आरोप है कि मैनेजर ने बार में रखे डूवर से 1 लाख रुपये नकद भी चुरा लिए। इतना ही नहीं उसने बार में आए ग्राहकों को अपना व्यक्तिगत यूपीआई क्यूआर कोड दिखाकर पेमेंट अपने अकाउंट में ट्रांसफर कराए और उन लेन-देन का हिसाब बिल बुक में दर्ज भी नहीं किया। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। ब्यूरो