- ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण बना रहा है उपकेंद्र, आसपास के क्षेत्र में सुधरेगी बिजली आपूर्ति
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बादलपुर में निर्माणाधीन बिजली उपकेंद्र को अगले साल मार्च तक चालू करने की तैयारी है। इसके चालू होने से अच्छेजा, सादोपुर और बादलपुर समेत आसपास की कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति बेहतर होगी। लोगों को ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग की समस्या से राहत मिलेगी। अभी गर्मी में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बिजली घर के निर्माण का काम तेज कर दिया है। अफसरों ने बताया कि एनटीपीसी दादरी के पास स्थित बिजली घर से निर्माणाधीन उपकेंद्र तक भूमिगत केबल बिछाने का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। सिविल कार्य भी 40 फीसदी से अधिक हो गया है। अभी बिसनुली स्थित उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति की जाती है, जिससे अधिक लोड होने के कारण गर्मी के मौसम में ट्रिपिंग की समस्या बढ़ जाती है। लोगों को निर्बाध बिजली मिलती रहे, इसके लिए प्राधिकरण ने उपकेंद्रों की संख्या बढ़ाने की योजना बनाई है। ग्रेप की पाबंदियां हटने पर काम और तेज किया जाएगा। उपकेंद्र को मार्च तक चालू करने का लक्ष्य है। अफसरों ने बताया कि उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीटीसीएल) के 220 केवी क्षमता के बिजली घर से बादलपुर तक 6 किमी में से 5 किमी भूमिगत केबल बिछाने का काम पूरा हो चुका है। इस निर्माणाधीन बिजली उपकेंद्र में 10-10 एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। ग्रेटर नोएडा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती बसावट के कारण मौजूदा बिजली आपूर्ति नेटवर्क को मजबूत करना आवश्यक है। दादरी क्षेत्र में बिजली की समस्या हर साल गंभीर होती जा रही है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि बादलपुर बिजली उपकेंद्र का काम प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। चालू होने पर क्षेत्र में ओवरलोड और ट्रिपिंग की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। ब्यूरो