नोएडा। सेक्टर 104 स्थित ग्राम हाजीपुर के प्राइमरी स्कूल में डेंगू, मलेरिया की रोकथाम के लिए नोएडा प्राधिकरण की ओर से जागरूक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान स्कूल के बच्चों को बताया गया कि घरों में उपयोग किए जाने वाले कूलर, गमले इत्यादि में पानी एकत्रित न होने दें। पानी की टंकी और बर्तन ढककर रखें। अपने घरों के आसपास पानी एकत्रित न होने दें। शरीर को पूरी तरह से ढकने वाले कपड़े पहनें और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग जरूर करें। मच्छरों के बचाव के लिए घरों की खिड़की व दरवाजों पर जाली लगाने के लिए जागरूक किया गया। डेंगू मलेरिया के लक्षणों के बारे में बताया गया। यदि तेज बुखार, सिर दर्द, बदन दर्द, उल्टी होना, बैचेनी, कमजोरी लगना आदि लक्षण लगे तो तुरंत उपचार करवाएं। नोएडा प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि डेंगू मलेरिया की रोकथाम के लिए सप्ताह में एक बार एंटी लार्वा दवा का छिड़काव और फॉगिंग का काम किया जा रहा है। इस मौके पर महाप्रबंधक एके अरोड़ा, परियोजना अभियंता (जन स्वास्थ्य)-द्वितीय आरके शर्मा, एनजीओ टीम और स्कूल का स्टाफ मौजूद रहा। ब्यूरो