- यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह को एक साल का सेवा विस्तार
-उद्योगों को धरातल पर उतारने के लिए तेज कराई कवायद
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जेवर में बन रहे नोएडा एयरपोर्ट को तेजी से पूरा कराने का इनाम सीईओ राकेश कुमार सिंह को सेवा विस्तार के रूप में मिला है। अगले एक साल तक वह यमुना प्राधिकरण के सीईओ बने रहेंगे। नोएडा एयरपोर्ट का 30 अक्तूबर को प्रस्तावित उद्घाटन अब उनके कार्यकाल में ही होगा।
30 जून को आईएएस अधिकारी राकेश कुमार सिंह को सचिव मुख्यमंत्री के पद से ट्रांसफर कर यमुना प्राधिकरण का सीईओ बनाया गया था। एक जुलाई को कार्यभार संभालने के बाद से ही उनके सेवा विस्तार को लेकर तमाम अटकलें लगाई जाती रहीं। उन्होंने यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में उद्योगों को धरातल पर उतारने और शासन की प्राथमिकता में शामिल नोएडा एयरपोर्ट को शुरू कराने को प्राथमिकता दी। यमुना प्राधिकरण के साथ वह नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड- नायल के भी सीईओ हैं। उनके मुताबिक एयरपोर्ट का काम कमोबेश पूरा हो गया है। 25 अक्तूबर तक फिनिशिंग के काम भी पूरे कर लिए जाएंगे। राकेश कुमार सिंह का कार्यकाल 30 सितंबर 2025 को पूरा हो रहा था। केंद्र सरकार से उनके कार्यकाल को एक साल बढ़ाए जाने की मंजूरी प्रदेश सरकार को मिल गई। अब उनका कार्यकाल 30 सितंबर 2026 तक रहेगा।
-
पिछले सीईओ को मिला सात बार सेवा विस्तार
पूर्व सीईओ यमुना प्राधिकरण अरुणवीर सिंह को सात बार सेवा विस्तार मिला। यमुना प्राधिकरण के सीईओ रहते हुए उन्हें लगातार सेवा विस्तार दिया गया। ऐसे में वह करीब 10 साल तक लगातार यमुना प्राधिकरण के सीईओ बने रहे।