संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। सेक्टरों और सोसाइटियों में मंगलवार को महाअष्टमी पर मां दुर्गा पूजा की गई। जगह-जगह डांडिया उत्सव भी हुआ। भारी संख्या में भक्तों ने पंडालों में पहुंचकर माता की पूजा अर्चना की। सेक्टर पाई-1,2 स्थित कालीबाड़ी परिसर में ग्रेटर नोएडा शारदीय सांस्कृतिक समिति की ओर से आयोजित रजत जयंती दुर्गा पूजा में हजारों भक्त पहुंचे।
क्विज प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। जागरण में बॉलीवुड कलाकार विनोद राठौड़ ने भजन पर प्रस्तुत किए जिस पर श्रद्धालु झूमने पर विवश हो गए। समिति के महासचिव देबकी घोषाल ने कहा कि महाअष्टमी दुर्गा पूजा के सबसे पावन दिनों में से एक है।
-
डांडिया और गरबा नाइट में जमकर झूमे लोग
ग्रेनो की ओएसिस वेनेशिया हाइट्स सोसाइटी में मंगलवार रात डांडिया और गरबा नाइट प्रतियोगिता हुई। रंग-बिरंगी पोशाक में पहुंचे लोगों ने नृत्य का आनंद लिया। रात करीब नौ बजे कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का आयोजन ओवीए कल्चरल समिति की ओर से किया गया। आयोजक कन्हैया ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बच्चों, महिलाओं, पुरुषों के लिए विशेष गरबा नृत्य प्रतियोगिता हुई। विजेताओं को सम्मानित किया गया।
-
महाअष्टमी मनाई
ग्रेटर नोएडा व ग्रेनो वेस्ट के सेक्टरों और सोसाइटी में मंगलवार को महाअष्टमी मनाई गई। भक्तों ने कन्या पूजन किया। उनके पांव पखारे और उन्हें भोजन, भेंट और उपहार दिए गए।