-शुक्रवार को निरीक्षण को पहुंचे मुख्य सचिव ने दिए निर्देश
-सेक्टर-96 स्थित प्रशासनिक भवन का भी कामकाज देखा
माई सिटी रिपोर्टर,
नोएडा। प्रदेश के मुख्य सचिव व औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज सिंह ने शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण की दो परियोजनाओं का निरीक्षण किया। मुख्य सचिव सेक्टर-96 में बन रहे प्रशासनिक भवन व सेक्टर-151 ए में बन रहे इंटरनेशनल गोल्फ कोर्स परियोजना को देखने के लिए पहुंचे थे। मुख्य सचिव ने प्रशासनिक भवन के काम में तेजी लाने और गोल्फ कोर्स के बचे हुए काम के लिए जल्द टेंडर जारी कर करवाने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा कि विकास परियोजनाओं में बेवजह देरी न की जाए।
मुख्य सचिव पहले सेक्टर-96 में बन रहे प्राधिकरण के प्रशासनिक भवन परियोजना का निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने काम की रफ्तार और तेजी से बढ़ाते हुए जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि अगले महीने तक इसका काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद मुख्य सचिव ने सेक्टर-151ए में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल गोल्फ कोर्स के काम का जायजा लिया। यहां करीब दो-ढाई महीने से काम बंद पड़ा था। काम में लापरवाही मिलने पर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने चार दिन पहले निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करते हुए एफआईआर दर्ज करवाई थी। मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि बचे काम पूरे करने के लिए जल्द टेंडर जारी किया जाए। निरीक्षण के अलावा मुख्य सचिव ने सीईओ व एसीईओ स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक कर अन्य परियोजनाओं के काम की समीक्षा भी की। प्राधिकरण के सीईओ डॉ लोकेश एम ने बताया कि परियोजनाओं के काम में और तेजी के निर्देश मिले हैं।