झालू। मोहल्ला मंदिरवाला में सोमवार देर रात शराब पीने और गाली-गलौज करने से मना करने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान नशे में धुत युवकों ने दो भाइयों पर बोतल से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान तीन से चार राउंड फायरिंग भी की गई। मोहल्लेवासियों ने एक आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके तीन साथी बाइक छोड़कर भाग गए।
मोहल्ले की निवासी महसर ने बताया कि उनका बेटे सादिक (27) ने नशे में धुत युवकों को घर के पास शराब पीने और गाली-गलौज करने से मना किया था। इस पर युवकों ने उस पर बोतल से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर बड़ा भाई दानिश (32) मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर भी बोतल से वार कर घायल कर दिया। दोनों घायलों के मामा तसलीम ने बताया कि आरोपियों ने फायरिंग भी की।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर ऋषभ, आर्यन, मनुज समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस के अनुसार एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि मौके से भागे तीन लोगों की तलाश की जा रही है।