गुरुग्राम। शीतला कॉलोनी छोटूराम चौक स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को काटकर बदमाश नकदी चुराकर ले गए। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि एटीएम में 69 हजार रुपये थे। बदमाशों ने एटीएम ने घुसते ही पहचान छिपाने के लिए सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे छिड़क दिया। बूथ के अंदर पानी बिखरा भी मिला, आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने एटीएम को कटर की मदद से काटा। इसमें चार से पांच बदमाशों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
इलाके में इस साल की एटीएम चोरी की यह पहली वारदात है। थाना प्रभारी निरीक्षक शमशुद्दीन ने बताया कि कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधन धीरेंद्र यादव के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा बैंक की तकनीकी टीम से सीसीटीवी फुटेज को देखने में भी मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही बदमाशों का सुराग लगा लिया जाएगा।
शीतला कॉलोनी एक्सिस बैंक के एटीएम पर रात के समय कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं रहता। इस कारण एटीएम का शटर बंद कर दिया जाता है। रविवार सुबह बूथ पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड सोबरन सिंह ड्यूटी पर आया तो उसने शटर का ताला टूटा हुआ देखा। शटर खोलकर वह अंदर गया तो एटीएम मशीन का सेफ बॉक्स कटा हुआ देखा। चोरी की आशंका पर सिक्योरिटी गार्ड ने अपने आला अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें पाया कि रात करीब ढाई बजे किसी ने बूथ के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी पर स्प्रे मार दिया। जिससे बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी।